चरखारी/कुलपहाड़। अलग-अलग स्थानों पर लिफ्ट देने के बहाने बाइक सवारों ने दो ग्रामीणों से 33 हजार रुपये की टप्पेबाजी की।
पनवाड़ी के नटर्रा गांव निवासी मुकुंदलाल राजपूत अपनी पुत्री के यहां गुढ़ा गांव आया था। जहां से वह तीस हजार रुपये लेकर वापस घर लौट रहा था। तभी बाइक सवार दो युवक सड़क किनारे रुके और लिफ्ट देने की बात कही। इस दौरान बाइक सवारों ने मुकुंदलाल को बाइक में बैठा लिया। रास्ते में उसकी जेब काटकर तीस हजार रुपये की नकदी उड़ा दी। कुलपहाड संवाद के अनुसार सुगिरा निवासी देशराज मंदिर जाने के लिए सड़क किनारे खड़े था। तभी बाइक सवार दो युवक आए और मंदिर छोड़ने की बात कही। इस दौरान बाइक सवारों ने देशराज की जेब से तीन हजार रुपये की नकदी उड़ा दी और बीच रास्ते में छोड़कर फरार हो गए।