श्रीनगर (महोबा)। यूपी-एमपी की सीमा कैमाहा बॉर्डर पर छह दिन पहले देसी शराब दुकान में लूटपाट कर गोली मारने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त तमंचा, एक कारतूस व बाइक बरामद की है।
कैमाहा बॉर्डर पर स्थित देसी शराब की दुकान में 18 मार्च की रात करीब नौ बजे सेल्समैन मुकेश उर्फ कल्लू राजपूत बैठा था। तभी दो बाइक पर सवार चार लोग वहां पहुंचे और शराब की पेटियां ले जाने लगे। विरोध करने पर सेल्समैन को गोली मार दी थी और गोलक में रखी 35 हजार की नगदी लूट ले गए थे। घायल सेल्समैन के चचेरे भाई करन राजपूत ने चार अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने घटना में शामिल मुन्ना सिंह निवासी अतरारमाफ व चेतराम निवासी फुटेरा को उर्मिल बांध के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से एक तमंचा व कारतूस बरामद किया। थानाध्यक्ष संजय शर्मा का कहना है कि दो अन्य आरोपियों की भी पहचान हो गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार जेल भेजा जाएगा।
पुलिस व आबकारी टीम ने कबूतरा डेरा छतेसर में छापामार कर भारी मात्रा में शराब बरामद की। थानाध्यक्ष विनोद कुमार यादव के नेतृत्व में टीम ने कबूतरा डेरा से 430 लीटर कच्ची शराब के साथ शराब बनाने के उपकरण, लोहे की भट्ठी, बीस किलो यूरिया, तीन किलो नौसादर, नमक-गुड़ बरामद किया। मौके पर दस क्विंटल लहन को नष्ट कराया गया।