महोबा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कबरई में प्रसव के बाद महिला की हालत बिगड़ गई। इस पर डॉक्टरों ने उसे महिला जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। नवजात की हालत स्वस्थ बताई जा रही है। महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों ने घटना से आक्रोशित परिजनों ने सीएचसी के डॉक्टर व नर्स पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिला महिला अस्पताल में जमकर हंगामा किया। दोषी नर्स पर कार्रवाई होने के बाद ही अंतिम संस्कार करने की चेतावनी दी। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कबरई थाना क्षेत्र के बबेड़ी गांव निवासी शैलेंद्र की पत्नी आरती प्रजापति (21) को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन सीएचसी कबरई ले गए। वहां सुबह 9:45 बजे महिला ने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। जन्म के दो घंटे बाद महिला की हालत बिगड़ गई। तब डॉक्टर व नर्स ने महिला को जिला महिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। इससे नाराज मां कुसुम, चाची रावरानी, पति शैलेंद्र ने सीएचसी के डॉक्टर व नर्स पर लापरवाही का आरोप लगाया। कहा कि पहले जच्चा-बच्चा को स्वस्थ बताया गया। बाद में अचानक रेफर कर दिया गया।
जिला महिला अस्पताल की डॉ. अमृता ने बताया कि महिला जब अस्पताल आई तो पल्स व बीपी नहीं आ रहा था। खून चढ़ाने का प्रयास किया गया, लेकिन महिला की जान नहीं बचाई जा सकी। उधर, सीएचसी कबरई के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अमित कुमार पांडेय का कहना है कि प्रसूता ने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया था। दो घंटे बाद अचानक ब्लीडिंग होने से हालत बिगड़ने पर रेफर किया गया। लापरवाही का आरोप बेबुनियाद हैं।