महोबा। जिला महिला अस्पताल में रविवार की दोपहर प्रसूता को रेफर किए जाने से नाराज परिजनों ने डॉक्टर से अभद्रता की। डॉक्टर ने मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी ने पूछताछ करने के बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
गांधीनगर निवासी क्षमा पत्नी विनय को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उसे महिला जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉ. एसके वर्मा ने महिला की जांच की। हालत नाजुक होने पर परिजनों को रेफर कर ले जाने की सलाह दी। इससे नाराज परिजन भड़क गए और डॉक्टर से अभद्रता कर मारपीट पर आमादा हो गए। पुलिस को सूचना देने की जानकारी मिलते ही आरोपी भाग गए।
मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी अनूप कुमार दुुबे ने डॉक्टर व मरीजों से पूछताछ की और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। उधर, डॉ. एसके वर्मा का कहना है कि प्रसूता की जांच की गई थी। बच्चे की धड़कन कम आ रही थी। इसके चलते परिजनों को बाहर ले जाने की सलाह दी गई, लेकिन वह लोग भड़क गए और अभद्रता करते हुए मारपीट का प्रयास किया।