महोबा। समदनगर निवासी अधिवक्ता मुकेश कुमार पाठक के गोली मारकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने विवेचना तेज कर दी है। रविवार को कबरई व महोबा थाना प्रभारी टीम के साथ मुकेश के घर पहुंचे। मुकेश के बेटे राहुल व तीन रिश्तेदारों के तकरीबन दो घंटे तक बयान दर्ज किए।
अधिवक्ता मुकेश कुमार पाठक से वसूली, धमकी व आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित किए जाने के मामले की विवेचना नगर कोतवाली प्रभारी अनूप दुबे और गैंगस्टर एक्ट की विवेचना कबरई थाना प्रभारी दीपक पांडेय कर रहे हैं।
रविवार की दोपहर दोनों थानेदार टीम के साथ समदनगर स्थित मुकेश कुमार पाठक के घर पहुंचे। मुकेश के बड़े बेटे व एफआईआर कराने वाले राहुल पाठक से घटना के बारे में पूछताछ की। साथ ही बयान भी दर्ज किए। इसके बाद विवेचकों ने मुकेश के रिश्तेदार शिव शरण मिश्रा, एके त्रिपाठी और कुलदीप पाठक के भी बयान दर्ज किए। माना जा रहा है कि आने वाले समय में ब्लॉक प्रमुख व उसके गैंग के शातिरों पर पुलिस की शिकंजा और कसेगा।