खरेला (महोबा)। खरेला थाना क्षेत्र के ऐचाना गांव में रास्ते में पड़ी मिट्टी पर बाइक फिसलने से विवाद के बाद दो पक्षों में मारपीट की घटना में पुलिस ने दोनों पक्षों के 14 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इनमें तीन महिलाओं समेत छह लोगों पर एससीएसटी एक्ट भी लगा है।
एचाना गांव निवासी राजू श्रीवास पत्नी फूला के साथ 13 फरवरी को घर जा रहा था। गांव के पास पड़ी मिट्टी पर बाइक फिसलने से दोनों घायल हो गए। इस बात को लेकर गांव के कुछ लोगों से मारपीट भी हो गई थी। मारपीट में दोनों पक्षों से चार लोग घायल हुए थे।
पुलिस ने एक पक्ष की शमा की तहरीर पर राजू श्रीवास, उसके भतीजे सौरभ के साथ ही रवि कुमार और उसके पिता पंचम व तीन अन्य समेत आठ लोगों पर गुरुवार को रिपोर्ट दर्ज की। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की आशा संगिनी फूला की तहरीर पर वीर सिंह, गोविंद सिंह, सोनम, शमा, बबली सिंह, सूर्यांश पर मारपीट और एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।