महोबा। शहर के ऊदल चौक स्थित संगीत विद्यालय के पास रविवार की रात दो पक्षों में विवाद हो गया। दबंगों ने एक युवक की मारपीट कर बाइक छीन ली। पीड़ित ने चार लोगों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। दूसरे पक्ष ने भी मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर के मिलकीपुरा निवासी अजीम अहमद ने शहर कोतवाली में तहरीर दी है कि वह रविवार की शाम साढ़े सात बजे बाइक से घर लौट रहा था। तभी ऊदल चौक के पास चार युवकों ने उसे रोक लिया और गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बाद में आरोपी बाइक छीनकर भाग गए।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने वैभव कटारिया, ध्रुव कटारिया व दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट कर बाइक छीनने की रिपोर्ट दर्ज की है। उधर दूसरे पक्ष के ध्रुव कटारिया ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर अजीम अहमद पर मारपीट का आरोप लगाया है। कोतवाली प्रभारी अनूप कुमार दुबे का कहना है कि मामला मारपीट का है। घटना की जांच कराई जा रही है।