महोबा। एसपी एके श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान में शनिवार को थाना कबरई पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। कुख्यात, टॉप-10 और जोन से चिह्नित अपराधी चैतू उर्फ चेतराम पाल को दो साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ यूपी-एमपी के थानों में 30 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
थानाध्यक्ष कबरई दीपक कुमार पांडेय को सूचना मिली कि स्कॉर्पियो वाहन से टॉप-10 अपराधी दो साथियों के साथ कबरई क्षेत्र की सीमा से गुजर रहा है। सूचना पर थानाध्यक्ष ने टीम के साथ मकरबई रोड स्थित रेलवे पुल के पास से स्कॉर्पियो कार को रोका। जांच करने पर कार से कुख्यात अपराधी चैतू उर्फ चेतराम निवासी मकरबई के अलावा उसका साथी महेंद्र पाल व श्रीपाल को पकड़ा गया। पुलिस ने चैतू उर्फ चेतराम के पास से 4.7 किग्रा गांजा, एक तमंचा, तीन कारतूस व दो अन्य साथियों के पास से एक-एक तमंचा व पांच कारतूस बरामद किए गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए अपराधी के खिलाफ यूपी के खिलाफ एमपी के विभिन्न थानों में अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के लिए भेजा जा रहा है।