महोबा। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से युवती को बहला फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में जमानत पर जेल से आया आरोपी पीड़ित परिवार पर राजीनामा का दबाव बना रहा है। राजीनामा न करने पर सोशल मीडिया पर युवती की आपत्तिजनक फोटो अपलोड कर रहा है। परेशान पीड़ित परिवार ने चित्रकूटधाम मंडल बांदा के आईजी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती 8 अगस्त 2019 को लापता हो गई थी। पिता ने राहुल के खिलाफ पुत्री को अगवा कर ले जाने व दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने युवती को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बाद में परिजनों ने युवती की शादी कर दी। अब जमानत पर बाहर आए आरोपी द्वारा पर राजीनामा का दबाव बनाया जा रहा है।
राजीनामा न करने पर युवती की आपत्तिजनक फोटो पर कमेंट लिखकर सोशल मीडिया पर अपलोड की जा रही हैं। युवती के पिता ने शहर कोतवाली समेत उच्चाधिकारियों से शिकायती की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। तब मंगलवार को परिजनों ने चित्रकूटधाम मंडल बांदा के आईजी के. सत्यनारायण को शिकायती पत्र देकर पूरा मामला बताया। आरोप लगाया कि आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है और आए दिन युवती को फोन करके परेशान कर रहा है। पीड़ित ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। आईजी ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया है।