कुलपहाड़ (महोबा)। अवैध तरीके से खनन करने वालों को पकड़ने पहुंचे खनिज निरीक्षक ईश्वर चंद्र को इस कारोबार से जुड़े कुछ लोगों ने पीट दिया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। पुलिस ने घटना के तीन दिन बाद मामले में रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे थाने में पूछताछ की जा रही है। घटना 18 अक्तूबर की है।
खनिज इंस्पेक्टर ने पुलिस को बताया कि ओम बाजपेई ने शिकायत की थी कि दादरी घटेरा के गोंची नाला से बालू व मौरंग का अवैध खनन किया जाता है। इसके बाद वाहनों से बालू व मौरंग को चुरारी, सतारी पुलिया व सुगिरा के रास्ते दूसरे जिलों में ले जाया जाता है। अवैध खनन का काम रात में 11 बजे से सुबह चार बजे तक चलता है। इस सूचना पर वह अवैध खनन पकड़ने के लिए 18 अक्तूबर की रात वहां पहुंचे, तो उन्हें बालू से भरा एक ट्रैक्टर आता नजर आया। बकौल खनिज इंस्पेक्टर उन्होंने ट्रैक्टर रोक कर चालक को बिठा लिया।
थोड़ी देर बाद आरोपी महेंद्र पाठक एक साथी के साथ मौके पर आ गया। महेंद्र ने कहा कि वह कुलपहाड़ में गैस एजेंसी के पास मौरंग व बालू को डंप करता है। बालू वहीं पर जा रही है। ट्रैक्टर व चालक को छोड़ दो । उनके ऐसा करने से इनकार करने पर महेंद्र ने अपने चार और साथियों को मौके पर बुला लिया। बाइक से आए इन नकाबपोश युवकों ने उनके साथ धक्का मुक्की व मारपीट की। ट्रैक्टर व चालक को उनके कब्जे से छुड़ाकर वहां से भाग दिया।
आरोपियों में एक ने उनका वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। थाना प्रभारी अनूप कुमार ने बताया कि मामले में खनिज इंस्पेक्टर की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ एकजुट होकर मारपीट करना, गाली-गौलज, धमकी, सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत कई अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी महेंद्र पाठक को पकड़ा गया है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि कुलपहाड़ व पनवाड़ी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध ढंग से खनन किया जा रहा है। बालू का अवैध खनन महोबकंठ इलाके में होता है। रात भर वाहनों से मौरंग, बालू व पत्थर की ढुलाई होती है, लेकिन पुलिस, खनिज व परिवहन विभाग को अफसरों को नजर नहीं आता है। यही वजह है कि अफसर अवैध खनन के कारोबार से जुड़े लोगों पर कार्रवाई करने की बजाय हाथ पर हाथ रखकर बैठे रहते हैं।