महोबा। बच्चों और युवाओं में टिक-टॉक का खुमार सिर चढ़कर बोल रहा है। इस शौक में लोग अपनी जिंदगी दांव पर लगा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला बिच्छू पहाड़िया स्थित कांशीराम कॉलोनी में सामने आया है। टिक-टॉक पर वीडियो बना रहा एक मासूम एक्शन करते समय दुपट्टे से फांसी के फंदे पर झूल गया। अचानक पहुंचे परिजन उसे फंदे से उतारकर जिला अस्पताल लाए। जहां उसकी हालत में सुधार है।
कांशीराम कॉलोनी निवासी महफूज (08) पुत्र मकबूल घर पर मोबाइल फोन से टिक-टॉक पर वीडियो बना रहा था। कमरे में पहुंचे पिता ने उसे डांट दिया और दोबारा वीडियो न बनाने की हिदायत दी। कुछ देर बाद मां मुबीना पड़ोस में चली गई। पिता घर से बाहर निकल गए।
मासूम घर पर दोबारा वीडियो बनाने लगा। फंदे में लटकने का वीडियो बनाते समय वह फंदे में झूल गया। दुपट्टे का फंदा गले में कस गया। अचानक घर पहुंचे परिजनों ने जब मासूूम के गले में फंदा कसा देखा तो उनके होश उड़ गए। उसे फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले गए।