संवाद न्यूज एजेंसी
बेलाताल (महोबा)। कस्बा बेलाताल के बेलासागर तालाब में रविवार की सुबह दस बजे नहाने गए चचेरे भाई गहराई में डूब गए। एक किशोर किसी तरह बाहर निकल आया जबकि दूसरा लापता हो गया। फायर ब्रिगेड व गोताखोरों की टीम ने तीन घंटे बाद छात्र को तालाब से बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। मृतक के चचेरे भाई की सोमवार को बरात जाना है। घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
महोबा निवासी हरीओम अहिरवार एसपी ऑफिस उरई में सिपाही के पद पर तैनात है। उसका पुत्र कुलदीप (16) कक्षा 11वीं का छात्र था। दो दिन पहले कुलदीप अपनी मां व भाई-बहन के साथ कोतवाली कुलपहाड़ के लमौरा निवासी चचेरे भाई मनोज की शादी में शामिल होने गया था। जिसकी बरात सोमवार को जाना है। रविवार को कुलदीप अपने चचेरे भाई धीरेंद्र (17) के साथ बेलासागर तालाब में नहाने गया था। नहाते समय कुलदीप गहराई में चला गया और डूबने लगा। चचेरे भाई धीरेंद्र ने उसे बचाने का प्रयास किया, तो वह भी डूबने लगा। तब उसने किसी तरह बाहर निकल परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से कुलदीप की तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने तालाब में जाल व कटीले तार डालकर किशोर की तलाश शुरू की है। तीन घंटे बाद कुलदीप का शव बरामद हुआ। वहीं घर पर चल रही शादी की तैयारिया थम गईं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।