महोबा। डीएम मनोज कुमार ने सीडीओ डॉ. हरिचरन सिंह के साथ गुरुवार को कबरई विकासखंड के ग्राम मवईखुर्द में प्राथमिक विद्यालय, पंचायत सचिवालय, कोरोना टीकाकरण शिविर और आयुष्मान व ई-श्रम कार्ड शिविर का निरीक्षण किया। साथ ही चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि टीका न लगवाने वाले समाज के दुश्मन हैं। टीका लगाने वाले स्टाफ को निर्देश दिया कि ऐसे लोगों का नाम स्थानीय प्रशासन को दें, ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई कराई जा सके।
डीएम ने प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे-मील योजना में भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया। प्रभारी प्रधानाचार्य को निर्देश दिया कि बच्चों को मेन्यू के अनुसार भोजन परोसा जाए। भोजन की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर कमी मिलने पर संबंधित को जेल जाना पड़ेगा।
गोशालाओं की व्यवस्था के बारे में प्रधान और पंचायत सचिव से जानकारी की। कहा कि गोशाला में गोवंश को सर्दी से बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं। गोशाला में चारा- भूसा, पानी, शेड आदि की समस्या नहीं होनी चाहिए।
पंचायत सचिवालय में आयुष्मान व ई-श्रम कार्ड पंजीकरण व कोविड टीकाकरण शिविर समेत ऑनलाइन सेवाओं की प्रगति का निरीक्षण किया। गांव में अभी तक मात्र 400 लोगों के ही ई-श्रम कार्ड बने हैं। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपना ई-श्रम कार्ड बनवा लें। उन्होंने कहा कि गांव में अभी भी 500 से अधिक लोग टीका कराने से वंचित हैं। सभी लोग कोरोना का टीका जरूर लगवाएं।