महोबा। लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त बालकृष्ण त्रिपाठी और डीआईजी अजय कुमार सिंह ने ई-गवर्नेंस सेल का निरीक्षण किया। उन्होंने नवीन कलक्ट्रेट में बनाए गए निर्वाचन नियंत्रण कक्ष, शिकायत सेल व सोशल मीडिया सेल का जायजा लिया। कंट्रोल रूम की पूरी टीम को अलर्ट रहने और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन कराने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने मौजूद विधानसभा वार फ्लाइंग स्क्वॉयड व वीडियो निगरानी टीमों के लोकेशन के बारे में जानकारी ली। सी-विजिल एप पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की जानकारी ली। शिकायत व उपस्थिति पंजिका को भी देखा। विभिन्न माध्यमों से मिलने वाली शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। कहा कि जिन अधिकारियों व कार्मिकों की ड्यूटी कंट्रोल रूम में लगाई गई है वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। इस दौरान डीएम मृदुल चौधरी, एसपी अपर्णा गुप्ता, एडीएम राम प्रकाश आदि मौजूद रहे।