महोबा। अनुबंधित बस स्वामी के महिला परिचालक से अभद्रता करने पर क्षेत्रीय प्रबंधक ने दो बसों का अनुबंध समाप्त कर दिया है। मंडल स्तर से की गई कार्रवाई से अन्य अनुबंधित बस स्वामियों में खलबली मची है।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के महोबा डिपो में इस समय निगम की 122 और 15 अनुबंधित बसें शामिल हैं। जो हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, जालौन, कानपुर, लखनऊ, झांसी, बलिया, प्रयागराज आदि रूटों पर फर्राटा भरती हैं। इनमें चालकों व परिचालकों के साथ महिला परिचालकों की भी ड्यूटी लगाई जाती है। दो माह पहले डिपो में अनुबंधित बस स्वामी अब्दुल हलीम ने अभद्रता करते हुए महिला परिचालक को बस से उतार दिया था। महिला परिचालक के पूछने पर बस स्वामी ने कहा कि वह उसे पसंद नहीं है, इसलिए उसके वाहन में नहीं चल सकती। तब महिला परिचालक ने विभागीय अधिकारियों से शिकायत की। इतना ही नहीं महिला परिचालक की ड्यूटी लगाने पर केंद्र प्रभारी एमपी लखेरे को भी धमकाया गया। एआरएम के स्पष्टीकरण मांगने पर भी कोई जवाब नहीं दिया गया। तब पूरा मामला क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप कुमार अग्रवाल तक पहुंचा। आरएम को मामले की जांच में आरोप सही मिले। जिस पर दो बसों का अनुबंध समाप्त किया गया है। साथ ही अनुबंध प्रतिभूति धनराशि जब्त की गई है। डिपो प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मंडल स्तर पर आरएम की ओर से कार्रवाई की गई है। अब डिपो में बसों की संख्या घटकर 137 से 135 हो गई है।