महोबा। आबकारी विभाग के कार्यालय महोबा में सिपाही के पद पर तैनात नेहा ने बैडमिंटन के प्रदेश स्तरीय ट्रायल में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।
अब वह राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। यूपी सिविल सर्विसेज की बैडमिंटन टीम के चयन के लिए जनपद मुरादाबाद के सोनकपुर स्टेडियम में दो दिवसीय राज्य स्तरीय ट्रायल कराए गए। इसमें विभिन्न विभागों में प्रदेशभर में तैनात कर्मचारी व अधिकारी ट्रायल में शामिल हुए। महिला और पुरुष वर्ग के अलग-अलग ट्रायल कराए गए।
प्रदेश स्तरीय ट्रायल में महोबा के आबकारी विभाग में सिपाही के पद पर तैनात नेहा महिला एकल के 40 वर्ष से कम आयु वर्ग में शामिल हुईं। अब वह राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। नेहा की इस सफलता से जिले के अधिकारियों व कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।