फोटो 06 एमएएचपी 04 परिचय-समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतें सुनतीं डीएम गजल भारद्वाज। संवाद
- फोटो : निरीक्षण के दौरान विभागीय बाबू से पूछताछ करती, महापौर। संवाद
महोबा। मैडम, जल संस्थान में बिल जमा करने के बाद भी आज तक पानी नहीं आया है। डेढ़ साल पहले हर घर नल जल योजना के तहत कनेक्शन लिया था। बिल लगातार आ रहा है। समस्या का समाधान कराया जाए। यह बातें शहर के मोहल्ला नयापुरा बंधानवार्ड निवासी उमा ने सोमवार को आयोजित जिलास्तरीय समाधान दिवस में डीएम गजल भारद्वाज से कही।
चार जुलाई को टीईटी परीक्षा होने के चलते समाधान दिवस की तिथि आगे बढ़ा दी गई थी। सोमवार को समाधान दिवस में फरियादियों की भीड़ रही। कई फरियादी ऐसे पहुंचे जो छह बार से अधिक शिकायत कर चुके थे। इस दौरान भूमि, अवैध कब्जों, बिजली आदि से संबंधित शिकायतें सर्वाधिक रहीं। सिजहरी निवासी जुबेदन ने भूमि की पैमाइश कराकर कब्जा दिलाए जाने, पिपरामाफ निवासी नंदी ने मकान का रास्ता रोकने की शिकायत की। समाधान दिवस में आईं 115 शिकायतों में से 15 का मौके पर निस्तारण किया गया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को शेष शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए। यहां पर सीडीओ बलराम कुमार, एसपी शशांक सिंह, एडीएम न्यायिक सुखबीर सिंह, सीएमओ डॉ. विनय कुमार, सीओ रविकांत गोंड आदि मौजूद रहे।