पनवाड़ी (महोबा)। विकासखंड पनवाड़ी की ग्राम पंचायत घुटई में मनरेगा के कार्य श्रमिकों से न कराकर मशीनों से कराने के मामले में दो सदस्यीय टीम ने जांच की। जिसमें मशीनों से काम होने की पुष्टि हुई है। अब मामले में संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई होना तय मानी जा रही है।
पंचायत चुनाव के पहले प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने पर प्रशासकों की नियुक्ति की गई थी। ग्राम पंचायत घुटई में मनरेेगा के तहत तमाम कार्य करवाए गए। जिसमें भारी अनियमितता बरती गई। श्रमिकों को काम न देेकर मशीनों से काम कराया गया। ग्राम पंचायत में पंचू व गोरेलाल के यहां खेत का समतलीकरण, फूल सिंह के खेत में तालाब, कमलापत के खेत में बंदी निर्माण व पुलिया का निर्माण कराया गया। सभी कार्य मशीनों से कराए जाने पर नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान मनोज कुमार ने मामले की शिकायत नौ जून को डीएम सत्येंद्र कुमार से की थी। जिसमें फर्जी मास्टररोल भरकर भुगतान कराने का आरोप लगाया था। डीएम के आदेश पर जांच अधिकारी राजाराम भास्कर व सहायक विकास अधिकारी ने ग्राम पंचायत पहुंच जांच की। जांच के दौरान निर्माण कार्य स्थलों पर मशीनों के निशाल मिले। श्रमिकों के भी बयान दर्ज किए गए। जांच में मशीनों से काम कराए जाने की पुष्टि हुई है। अफसरों ने संबंधित रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी है। (संवाद)