पनवाड़ी (महोबा)। सहकारिता विभाग की ओर से रविवार को ब्लॉक पनवाड़ी सभागार में रविवार को सहकारिता संवाद का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड लखनऊ के निदेशक डॉ. प्रवीन सिंह जादौन ने कहा कि सहकारिता ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। इसके माध्यम से किसान आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों के जरिए खाद, बीज, ऋण और विपणन की सुविधाओं को पारदर्शी व सुलभ बनाने की आवश्यक है। इससे किसानों को अधिक लाभ मिलेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सहकारिता प्रदेश मंत्री महेन्द्र सोनी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। सहकारी समितियों को मजबूत बनाकर सरकार किसानों को आर्थिक सशक्तिकरण की राह पर आगे बढ़ा रही है। खाद और बीज की उपलब्धता प्रशासन की प्राथमिकता सूची में है। किसानों की किसी भी समस्या का त्वरित समाधान किया जाएगा। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि इंजी. श्रीप्रकाश ने किसानों के हित में पनवाड़ी, अलीपुरा और देवगनपुरा क्षेत्रों में नई सहकारी समितियों की स्थापना व प्रत्येक न्याय पंचायत में एक संचालित समिति की व्यवस्था की मांग की। साथ ही खाद की उपलब्धता और वितरण से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए शासन से हस्तक्षेप की अपील की। इस मौके पर सहकारी समिति देवगनपुरा के अध्यक्ष प्रतिनिधि रामकुमार राजपूत, पनवाड़ी सहकारी समिति संघ अध्यक्ष संतोष अग्निहोत्री, कोटरा सहकारी समिति अध्यक्ष प्रतिनिधि हरनारायण यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता नीरज द्विवेदी, रामप्रकाश मिश्रा, उदयभान राजपूत आदि मौजूद रहे।