महोबा। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) ने प्रसव इकाइयों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की स्क्रीनिग शुरू कर दी है। जिले के चारों विकास खंडों (ब्लाक) में टीम केंद्रों पर जाकर बच्चों की सेहत जांच रही है। जैतपुर ब्लाक में 47 बच्चों की स्क्रीनिंग की गई। इसमें से एक बच्चे में विटामिन ए की कमी मिली। दूसरा बच्चा स्किन इंफेक्शन से पीड़ित मिला। दोनों बच्चों को सीएचसी और पीएचसी के लिए रेफर किया गया है।
आरबीएसके के डीईआईसी मैनेजर डॉ. अंबुज गुप्ता ने बताया कि कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र बंद चल रहे थे। डीएम के निर्देश के बाद गुरुवार को आरबीएसके की टीमों ने बच्चों की स्क्रीनिंग शुरू कर दी है। प्रत्येक ब्लाक में दो-दो टीमें काम कर रही हैं। रोजाना अपने क्षेत्र के प्रसव इकाइयों व आंगनबाड़ी केंद्रों पर जाकर बच्चों की स्क्रीनिंग कर उन्हें चिह्नित करेंगी। इलाज के लिए संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों पर रेफर करेंगी।