कबरई (महोबा)। मकरबई गांव में अलाव की चिंगारी से वृद्ध जिंदा जल गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मकरबई निवासी मुन्नालाल (80) मंगलवार की रात भोजन करने के बाद पशुबाड़े चला गया। ठंड अधिक होने पर उसने मिट्टी के बर्तन में आग जलाई और तापता रहा। बिना आग बुझाए ही मिट्टी के बर्तन को चारपाई के नीचे रखकर सो गया।
अलाव से निकली चिंगारी से कपड़ों में आग लग गई। आग ने वृद्ध को अपनी चपेट में ले लिया। चीख-पुकार सुन पड़ोसी और परिजन पहुंच गए। वृद्ध को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस घटना की जांच कर रही है।