महोबा। सड़क किनारे रोती मिली सात माह की मासूम की जिला अस्पताल के पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में सेहत सुधर रही है। 11 दिन में मासूम का एक किलो वजन बढ़ गया है। अच्छे खान-पान व स्टाफ की देखभाल से बच्ची खिलखिला उठती है। अब उसके अभिभावकों की तलाश की जा रही है।
गौरतलब हो कि 16 जून को थाना श्रीनगर के भंडरा तिगेला के पास बीच सड़क पर कलयुगी मां बच्ची को छोड़कर चली गई थी। जिसे चाइल्ड लाइन और वन स्टाप सेंटर के माध्यम से 17 जून को एनआरसी में भर्ती कराया था। 11 दिनों में बच्ची को पोषण मिलने पर उसका वजन एक किलो बढ़ गया है। जब बच्ची अस्पताल में भर्ती हुई थी तब उसका वजन 3 किलो 500 ग्राम था जो बढ़कर 4 किलो 500 ग्राम हो गया है। सीएमएम डॉ. आरपी मिश्रा का कहना है कि बच्ची की सेहत में सुधार है उसका एक किलो वजन बढ़ गया है। चाइल्ड लाइन और बाल कल्याण समिति को पत्र भेजा जाएगा।