महोबा। भारत सरकार के सर्वेक्षण में उत्तर प्रदेश के महोबा और गाजियाबाद पहली बार जल जीवन सर्वेक्षण की तीन सितारा सूची में शामिल हुए हैं। प्रदेश के कई जनपद माह अक्तूबर से दिसंबर तक लगातार सर्वे के टॉप-5 की सूची में बने रहे। जल जीवन मिशन के तहत जिले में चल रहीं योजनाओं का काम 90 फीसदी तक पूरा हो गया है। यही, वजह है कि महोबा को यूपी के थ्री स्टार सूची में रखा गया है।
उत्तर प्रदेश में जल जीवन मिशन योजना के तहत सभी जिलों में काम कराया जा रहा है। महोबा में हर घर नल योजना के तहत 251 करोड़ रुपये की लागत से शिवहार ग्राम समूह पेयजल योजना, 129 करोड़ से कबरई ग्राम समूह पेयजल योजना, 295 करोड़ से धवर्रा-शिवहार पेजयल परियोजना, 204 करोड़ से लहचूरा-काशीपुरा ग्राम समूह पेयजल योजना और 223 करोड़ से सलैया-नथूपुरा ग्राम समूह पाइप पेयजल योजना का काम चल रहा है। पांचों परियोजनाओं में 90 फीसदी काम पूरा हो गया है। लोगों को कनेक्शन देने का काम युद्घ स्तर पर जारी है।
तीन जनवरी को भारत सरकार की जारी सर्वेक्षण सूची में यूपी के महोबा और गाजियाबाद को थ्री स्टार कैटेगरी मिली है। तेजी से आगे बढ़ने वाले जनपदों में थ्री स्टार रैटिंग के साथ महोबा ने अचीवर्स की श्रेणी में अपना स्थान बनाया है जल जीवन सर्वेक्षण में माह अक्तूबर में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले यूपी के जिलों में शाहजहांपुर, बुलंदशहर और बरेली के नाम दर्ज थे। अब महोबा स्थान बनाया है। अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे जुबेर बेग का कहना है कि जिले में जल जीवन मिशन की परियोजनाओं का काम युद्घस्तर पर चल रहा है। जिस पर महोबा को थ्री स्टार की सूची में शामिल किया गया है।