महोबा। सब्जियों व दालों की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण किए जाने के लिए गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में अपर जिला मजिस्ट्रेट ने जिले के थोक व्यापारियों के साथ बैठक की। एडीएम ने व्यापारियों को निर्देश दिए कि सब्जियां व दालें उचित मूल्य पर ही बेची जाएं। सब्जियों के मूल्यों में अनावश्यक वृद्धि नहीं होनी चाहिए। एडीएम रामसुरेश वर्मा ने कहा कि कृत्रिम रूप से की जा रही कालाबाजारी व जमाखोरी हर हाल में रोकी जाए अन्यथा छापेमारी करते हुए आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस मौके पर डीएसओ एसपी शाक्य, डिप्टी आरएमओ आरके पांडेय, सूचना अधिकारी सतीश यादव, सहायक आयुक्त वाणिज्यकर जय प्रकाश, मंडी सचिव गौरव सिंह समेत जिले के थोक व्यापारी मौजूद रहे। (संवाद)
×××××××××××××××××××