कुलपहाड़ (महोबा)। सड़कों पर घूम रहे अन्ना पशुओं व विद्यालयों की फीस माफ कराने को लेकर बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी युवजन सभा के कार्यकर्ताओं ने सीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार सुबोध मणि शर्मा को सौंपा। कार्यकर्ताओं ने ग्राम पंचायतों में संचालित गो शालाओं में हुए भ्रष्टाचार की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
तहसीलदार को सौंपे ज्ञापन में अन्ना पशुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए समस्या का जल्द निराकरण कराने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया कि किसान अन्ना पशुओं से बेहद परेशान हैं। रात-दिन किसान खेतों में जागकर फसलों की रख वाली कर रहे हैं लेकिन थोड़ी सी चूक होने पर अन्ना मवेशियों के झुंड के झुंड खेतों में खड़ी फसलों को बर्बाद कर देते हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों से मनमानी फीस वसूली जा रही है। जिलाध्यक्ष धीरेंद्र यादव, सुधीर कश्यप, निशांत यादव, सुरेंद्र सिंह यादव, विवेक राजपूत, लोकेंद्र, उमाकांत यादव आदि मौजूद रहे।