दंगल में दांवपेंच दिखाते पहलवान
- फोटो : अमर उजाला
कस्बा खन्ना के प्रसिद्ध गिलिंदा बाबा मंदिर में बुधवार को एक दिवसीय दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में दूर दराज से आए नामी गिरामी पहलवानों ने दांव पेंच दिखाए। कन्नौज के धर्मेंद्र ने बाराबंकी के अर्जुन ने चित कर कुश्ती जीत ली। दंगल देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ जुटी रही।
गिलिंदा बाबा मंदिर में दंगल का शुभारंभ प्रधान प्रतिनिधि शिवशंकर सिंह ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर किया। पहली कुश्ती गोरखपुर के विनोद और बिहार के मनोहर के बीच हुई। पांच मिनट तक चली कुश्ती में विनेाद ने जीत दर्ज की। कर्वी के राजू ने नरैनी के मनोहर को धूल चटाई। कबरई के प्रमोद ने पंजाब के अनुज को हराकर कुश्ती जीती।
कन्नौज के हिम्मत ने सतना के महेश को चित कर कुश्ती जीत ली। दंगल में बांदा के अमित ने चित्रकूट के सुंदर को हराया। कैथी के छोटू और बनारस के सिकंदर के बीच हुई कांटे की टक्कर में दोनों पहलवानों ने एक से बढ़कर एक दांवपेंच दिखाए। दिल्ली के मोहित ने बिहार के अरविंद को हराकर कुश्ती जीती। महिला पहलवानों के बीच हुई कुश्ती आकर्षण का केंद्र रही। बनारस की महिला पहलवान सत्ता ने बिहार की सोनम को हराकर जीत दर्ज की। मेला समिति के अध्यक्ष उदयभान सिंह ने विजेता पहलवानों को शील्ड व नगद धनराशि देकर पुरस्कृत किया।