खुली बैठक में समस्याएं सुनते डीएम
- फोटो : अमर उजाला
विकासखंड कबरई के ग्राम बिलवई में डीएम वीरेश्वर सिंह ने खुली बैठक में चौपाल लगा ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। जिसमें ग्रामीणों ने दिसरापुर तालाब के समीप बना पुल टूटा होने का मुद्दा उठाया। मामले में डीएम ने अधिकारियों को पुल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। बैठक में ग्रामीणों ने बताया कि दिसरापुर तालाब के समीप पुल टूटा होने से लोगों को आवाजाही में
दिक्कत हो रही है। एक दर्जन किसानों ने दबंग द्वारा आम रास्ते पर कब्जा कर किए जाने की शिकायत बताई। डीएम ने नायाब तहसीलदार को जांच करा रास्ता खुलवाए जाने के निर्देश दिए। खुली बैठक में गंगाराम सहित अन्य गरीबों ने बारिश से गिरे मकानों का सर्वे कराकर सरकारी सहायता मुहैया कराने की मांग की। डीएम ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से
लेते हुए निस्तारण का भरोसा दिया। डीएम ने कहा कि पात्रों को हर हाल में सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। इस मौके पर उपजिलाधिकारी सदर नंहकू, तहसीलदार कर्मवीर सिंह, ग्राम प्रधान नारायण कुशवाहा सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।