कबरई (महोबा)। हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से हाईवे किनारे लगे एक सैकड़ा पेड़ जल गए। सूचना पर पहुंचे दमकल ने स्थानीय लोगों की मदद से दो घंटे बाद आग पर काबू पाया।
गुरुवार की रात करीब 8 बजे बिजली तारों से निकल चिंगारी से हाईवे किनारे लगे पेड़ों में आग लग गई। आग से लगभग 500 मीटर तक धुएं की लपटें व गुबार नजर आया। लपटें देख किसानों ने कुओं से पंपिंग सेट चलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग से यूकेलिप्टस, बबूल आदि के एक सैकड़ा से अधिक छोटे-बड़े पेड़ जल गए। आग की लपटें देखकर तमाम वाहन चालक सड़क के दोनों ओर रुक गए और आग बुझने के बाद गंतव्य के लिए रवाना हुए। एक वर्ष पहले इसी स्थान पर हाईटेंशन लाइन की चिंगारी से टायर पंजर की दुकान में आग लग गई थी। जिसमें दुकानदार ख्वाजउद्दीन शाह को हजारों का नुकसान हुुआ था।