महोबा। शहर के रामकथा मार्ग स्थित यूनिक प्ले स्कूल में राधाष्टमी पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने प्रस्तुतियों से मन मोह लिया। भक्तिगीतों पर कृष्ण-राधा की वेशभूषा में सजे बच्चे आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम में अभिभावकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर, भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश गुप्ता, कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष चक्रपाणि त्रिपाठी व जिला पंचायत अध्यक्ष जयप्रकाश अनुरागी ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इसके बाद बच्चों ने राधा-कृष्ण की झांकियां प्रस्तुत कीं। कुणाल, सिमरन कुशवाहा व संस्कृति दीक्षित ने छोटी-छोटी गइया छोटे-छोटे ग्वाल, कान्हा वंशी बजाए राधा दौड़ी चले आए गीतों पर शानदार नृत्य की प्रस्तुति दी। अंश रैकवार, काव्या गुप्ता, रूद्राक्ष पुरवार ने राधा-कृष्ण से जुड़े गीतों की प्रस्तुतियां देकर सभी का दिल जीत लिया। इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक विनोद कुशवाहा, शोभा साहू, अनीता कुशवाहा, तेजा शिवहरे के अलावा भारी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।
शिव महिमा का बखान सुन झूमे भक्त
महोबा। कस्बा पनवाड़ी के फदना रोड स्थित विवेकानंद कॉलाेनी में चल रही शिव महाकथा में सोमवार को आचार्य भगवती प्रसाद कौशिक ने शिव महिमा का बखान किया। कहा कि कथा के श्रवण मात्र से मानव के सभी दुख-दर्द दूर हो जाते हैं। उन्होंने जालंधर वध का प्रसंग सुनाया। कथा में यजमान जयगोविंद, एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर, शशांक गुप्ता, राहुल अग्रवाल, श्रीप्रकाश अनुरागी, संजय द्विवेदी समेत सैकड़ों की संख्या में भक्त मौजूद रहे।