महोबा। जनपद में खनन कार्य को सुरक्षित बनाने के लिए अलीपुरा स्थित खनन कल्याण उद्योग समिति के भवन में जल्द ही श्रमिक प्रशिक्षण केंद्र शुरू किया जाएगा। यहां खनन से जुड़े श्रमिकों, कामगारों और स्टाफ को सुरक्षित खनन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे लापरवाही के चलते होने वाली खनन दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
बृहस्पतिवार को समिति सभागार में आयोजित गोष्ठी में खान सुरक्षा महानिदेशालय गाजियाबाद के उप निदेशक नरेश तेजस्व ने यह जानकारी दी। कहा कि खनन कार्य में थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। सभी खदान संचालकों व कामगारों को सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करना चाहिए। जिला खनिज अधिकारी आरबी सिंह ने कहा कि उनकी टीम समय-समय पर खनन क्षेत्रों का निरीक्षण कर लोगों को सुरक्षित खनन के प्रति जागरूक करती है। इस दौरान उप निदेशक ने उपस्थित कामगारों को खान सुरक्षा की शपथ दिलाई। गोष्ठी में समिति के अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, वसीम अहमद, रघुराज सिंह, विजय सिंह, रामकिशोर सिंह, मुकेश गुरुदेव, प्रशांत गुप्ता आदि मौजूद रहे।