महोबा। कृति शोध संस्थान द्वारा संचालित चाइल्डलाइन से दोस्ती अभियान का गुरुवार को समापन हो गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष दिलाशा सौरभ तिवारी ने कहा कि जब भी आप जरूरतमंद बच्चों को देखें तो 1098 पर कॉल करें।
चाइल्ड लाइन से दोस्ती अभियान के समापन पर नगर पालिका सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष को चाइल्ड लाइन से दोस्ती का रक्षासूत्र बांधा गया। इस दौरान पालिका अध्यक्ष ने मोबाइल स्टीकर मैं चाइल्ड लाइन समर्थक हूं का विमोचन किया। कहा कि वह स्वयं व पूरी नगर पालिका टीम चाइल्ड लाइन 1098 के प्रचार-प्रसार में सहयोग करेगी। ताकि बच्चों को इसका लाभ मिल सके।
विशिष्ट अतिथि नीलम ने कहा कि बच्चें के साथ होने वाली किसी भी तरह की हिंसा व शोषण के संबंध में बाल कल्याण समिति या चाइल्ड लाइन 1098 में शिकायत करें। बच्चों के सर्वोंत्तम हितों की रक्षा के लिए समिति तत्पर है। अधिशासी अधिकारी लालचंद सरोज ने टेस्ट कॉल कर चाइल्ड लाइन नंबर 1098 को परखा। इस मौके पर चाइल्डलाइन के निदेशक मनोज कुमार, राजेश यादव, सुधा सैनी, अनूप द्विवेदी, लीलावती, अरुण शुक्ला, अनीस अहमद आदि मौजूद रहे।