कबरई (महोबा)। पत्थरमंडी कबरई से गुजरे कानपुर-सागर हाईवे के खतरनाक ब्लैक स्पॉट हादसे का सबब बन गए हैं। यातायात नियमों की खुली अनदेखी और प्रशासनिक लापरवाही से सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक साल में हाईवे पर छानी मोड़ के पास 10 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। बावजूद इसके जिम्मेदार विभागों की ओर से दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अब तक कोई ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
नियमों की अनदेखी की वजह से 12 फरवरी को भीषण सड़क हादसा हुआ था। कहरा निवासी मामा सुरेश वर्मा एक ही बाइक पर चार लोगों को बैठाकर यात्रा कर रहे थे। बाइक की टंकी पर भांजा दिव्यांश (11) बैठा था तभी पीछे भटेवर निवासी बहन शकुंतला और भांजी अनुष्का (13) सवार थीं। छानी मोड़ के पास ओवरटेक के दौरान तेज रफ्तार में सामने से आ रही एक थार गाड़ी से बाइक की सीधी टक्कर होने से बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई थी। 20 फरवरी को पिकअप की टक्कर से बाइक सवार छात्र शिवम वर्मा की भी जान चली गई थी। रामदयाल, प्रमोद, देवीदीन, भगवानदास आदि का कहना है कि हाईवे पर सड़क हादसे हो रहे हैं। बावजूद इसके ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार, अवैध ओवरटेकिंग और नाबालिगों को बाइक पर बैठाने जैसे गंभीर उल्लंघनों पर न तो सख्ती दिख रही है और न ही ब्लैक स्पॉट सुधार के कोई स्थायी इंतजाम हैं। इससे आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं।
उधर, थानाध्यक्ष सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया का कहना है कि लोगाें को लगातार यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
केस-एक
पांच मई 2025 को तेज रफ्तार ओवरलोड डंपर ने राजीव नगर निवासी प्रमोद (25), भारत (17) और गांधीनगर निवासी जीतू कुशवाहा (15) को कुचल दिया था। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। तीनों लोग बाइक पर सवार थे।
केस-दो
तीन जून 2025 को छानीकलां गांव निवासी अरविंद यादव (26) की रात में हाईवे पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकराने से मौत हो गई थी। दुर्घटना के बाद लोगों ने विरोध जताते हुए सड़क किनारे अवैध तरीके से खड़े होने वाले वाहनोंं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की लेकिन कुछ नहीं हुआ।
केस-तीन
चार जून 2025 को मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के बारीगढ़ निवासी रामखिलावन अग्निहोत्री (40) की डंपर से कुचलकर मौत हो गई थी जबकि साथी गंभीर घायल हो गया था। अन्य घटना में छानीकला शिक्षामित्र रामेंद्र तिवारी (40) की भी ओवरलोड डंपर से मौत हो चुकी है।