विकासखंड चरखारी के ग्राम भैंसाई में डीएम वीरेश्वर सिंह ने कैंप लगाकर प्राकृतिक आपदा से पीड़ित 275 किसानाें को राहत राशि के चेक का वितरण किया। शिविर में 20,11,318 रुपए की चेक बांटी गईं। इस दौरान दो भाइयाें की बराबर जमीन होने के बावजूद चेकाें की धनराशि में भारी अंतर की शिकायत पर डीएम ने लेखपाल का वेतन रोक दिया।
शुक्रवार शाम डीएम की मौजूदगी में ग्राम भैंसाई में चेक वितरण शिविर 275 किसानाें को 20,11,318 रुपए की चेकाें का वितरण किया गया। इस मौके पर डीएम ने कहा कि असिंचित भूमि वाले किसानाें को 6500 रुपए प्रति हेक्टेयर और सिंचित भूमि पर 13500 रुपए प्रति हेक्टेयर की दर से राहत राशि दी जा रही है।
किसी भी किसान को 1500 रुपए से कम की चेक नहीं दी जाएगी। लेखपाल यदि 1500 रुपए से कम की चेक देते हैं तो तत्काल सूचना दें।
उन्हाेंने कहा कि जिन किसानाें ने वरासत नहीं कराई है, वे करा लें। यदि लेखपाल लापरवाही करता है तो मुझे इसकी जानकारी दें।
लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गांव के गया प्रसाद पुत्र मोहनलाल और लक्ष्मी पुत्र मोहनलाल की छह-छह बीघा भूमि होने के बाद भी गया प्रसाद को 1296 और लक्ष्मी को 6480 रुपए की चेक बनाए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताई और लेखपाल हरदयाल का 15 दिन का वेतन रोक दिया।
कहा कि लापरवाही करने वाले लेखपालाें के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इस मौके पर उप जिलाधिकारी नन्हकू, उप निदेशक कृषि आरपी चौधरी, तहसीलदार विंद्रावन प्रसाद मौजूद रहे।
किसानाें के साथ चेक वितरण में की जा रही धांधली के मामले को डीएम ने गंभीरता से लेते हुए चेक वितरण शिविर का उप जिलाधिकारियाें को जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। भेदभाव बरतने वाले लेखपालाें के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के भी निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि वह स्वयं गांव-गांव में चेक वितरण शिविराें का निरीक्षण कर रहे हैं।