चरखारी (महोबा)। शटरिंग का कारोबार करने वाले एक युवक की दुकान में बृहस्पतिवार की रात अराजक तत्वों ने आग लगा दी। इससे शटरिंग का सामान जलकर राख हो गया। इसकी जानकारी कारोबारी को सुबह लगी तो वह मौके पर पहुंचा लेकिन तब तक सबकुछ जल कर बर्बाद हो चुका था। पीड़ित ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी है।
कोतवाली चरखारी के गुढ़ा गांव निवासी रामकुमार शटरिंग कारोबारी है। उसकी दुकान गांव से बाहर है। जहां वह शटरिंग का सामान रखता है। शुक्रवार की सुबह रामकुमार को पता चला कि उसकी दुकान में आग लगी है। इस जानकारी पर वह दुकान पहुंचा तो पता चला कि आग लगने से शटरिंग का काफी सामान जल गया है। इससे उसे करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। आशंका जताई कि अराजक तत्व ने जान-बूझकर उसकी दुकान में आग लगाकर नुकसान किया है। उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।