महोबा। जिले में हर्षोल्लास के साथ 74वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी अवधेश कुमार तिवारी, पुलिस लाइन में एसपी मणिलाल पाटीदार व विकास भवन में सीडीओ हीरा सिंह ने ध्वजारोहण कर संबंधित भवन परिसरों में पौधरोपण किया। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया और देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखने का संकल्प लिया।
कलक्ट्रेट सभागार में स्वतंत्रता दिवस पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें जिलाधिकारी ने कहा कि हमारी आजादी पर वहीं प्रतिबंध लग जाता है, जब हम दूसरों की आजादी को बाधित करते हैं। कहा कि उन्नति के लिए आपसी सौहार्द व अभिव्यक्ति की आजादी के लिए अनुशासन बहुत आवश्यक है।
डीएम ने कहा कि हमारे पूर्वजों के बलिदान स्वरुप हमें जो आजादी मिली है, उसे न गंवाएं बल्कि आपसी प्रेम व सौहार्द को मजबूत बनाते हुए इसे अक्षुण्ण बनाएं रखें। प्रेस क्लब कार्यालय में अध्यक्ष संजय मिश्रा ने तिरंगा फहराया और राष्ट्रगान गाकर देशभक्ति के नारे लगाए। इस मौके पर अमित, अशोक बाजपेयी, अनुज शर्मा, एके त्रिपाठी, राजेश चतुर्वेदी व सुमित अवस्थी मौजूद रहे।
व्यापारियों ने स्वतंत्रता दिवस का पर्व जिला उद्योग व्यापार मंडल कार्यालय में मनाया। इस मौके पर सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने कहा कि व्यापारी समाज का एक अभिन्न अंग है। वे हर सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। इस दौरान जिलाध्यक्ष भागीरथ नगायच, रवि साहू, जगदीश शिवहरे, विनोद पुरवार, राहुल अग्रवाल, शशांक गुप्ता, शिवकुमार सोनी, भूपेंद्र साहू, राजेंद्र नगायच व दिलीप अग्रवाल मौजूद रहे।
एसडीएम राजेश कुमार यादव ने तहसील में, जीजीआईसी में सरगम खरे ने ध्वजारोहण किया। जिला अस्पताल में सीएमएस आरपी मिश्रा व समाजसेवी शिवकुमार गोस्वामी ने ध्वजारोहण किया।