आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा बच्चाें का वजन न लिए जाने पर सीडीओ शिवनारायण ने नाराजगी जताई है। उन्होंने एक सप्ताह के अंदर सर्वे कर सभी बच्चों का वजन लेने के निर्देश दिए। साथ ही सुपरवाइजर को चेतावनी भी दी। इसके अलावा तीन सदस्यीय टीम गठित की गई, जो मोहल्ले-मोहल्ले जाकर बच्चाें का वजन लेगी।
विकासखंड पनवाड़ी के ग्राम स्योढ़ी में शनिवार को आयोजित ग्राम स्वास्थ्य पोषण दिवस के दौरान करीब एक दर्जन गर्भवती महिलाआें की गोद भरी गई। इस मौके पर हीमोग्लोबिन की जांच कराई गई। इस दौरान सात में से छह महिलाओं में खून की कमी पाई गई। उन्हें आयरन की गोलियां, हरी सब्जी खाने की सलाह दी गई। साथ ही आयोडीन नमक के इस्तेमाल पर जोर दिया गया।
आंगनबाड़ी केंद्रों में तैनात कार्यकत्रियाें द्वारा बच्चाें का ठीक तरह से वजन नहीं लिया गया। वहीं तमाम बच्चाें का तो वजन ही नहीं लिया गया। इस पर सीडीओ ने सभी बच्चाें का वजन लेने के निर्देश दिए। साथ ही सुपरवाइजर शोभा गुप्ता को चेतावनी दी गई। इस मौके पर जिला कार्यक्रम अधिकारी रामेश्वर पाल ने कहा कि आयोडीन नमक और पुष्टाहार की कमी से बच्चे कुपोषित हो जाते हैं। इसका सेवन जरूर करें। इस मौके पर सीडीपीओ, एएनएम, गर्भवती महिलाओं के अलावा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां भी मौजूद रहीं।