महोबा। जिले से निकले कानपुर-सागर हाईवे पर फोरलेन सड़क का निर्माण करा रही बंसल कंपनी के एकाउंट कार्यालय से 23.46 लाख की नकदी चोरी हो गई। साथ ही जरूरी दस्तावेज भी गायब मिले। कंपनी के प्रबंधक ने कार्यालय के एक कर्मचारी पर चोरी की आशंका जताते हुए शहर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जनपद आगरा के महुअर निवासी योगेंद्र शर्मा ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह बंसल कंट्रक्शन वर्क्स प्राइवेट लिमिटेड में प्रबंधक के पद पर महोबा में कार्यरत है। किड़ारी फाटक के पास कंपनी का कार्यालय है। चार जनवरी की सुबह कर्मचारी साजन सफाई करने एकाउंट कार्यालय में गया तो दरवाजे की कुंडी टूटी थी और अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। इसकी सूचना कर्मचारी ने एकाउंटेंट रत्नेश धावक व उन्हें दी। कार्यालय पहुंचने पर पता चला कि अलमारी में रखे 23.46 लाख रुपये और जरूरी कागजात गायब हैं। कुछ फाइलों को भी नष्ट कर सामान की तोड़फोड़ की गई। सभी कर्मचारी मौके पर मौजूद मिले लेकिन आफिस बॉय दयाशंकर प्रतिदिन समय से कार्यालय आता था वह नहीं था। कर्मी दयाशंकर को इसकी सारी जानकारी रहती थी। देर शाम वह यहां पर घूमता देखा गया। आशंका है कि उसने ही इस घटना को अंजाम दिया है। कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार पांडेय का कहना है कि दयाशंकर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच कराई जा रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा।