कबरई (महोबा)। कस्बा कबरई में लापता युवती का तालाब में शव मिलने के मामले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म के बाद हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
कस्बे के एक मोहल्ला निवासी 21 वर्षीय युवती 19 सितंबर की सुबह आठ बजे मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। दूसरे दिन 20 सितंबर की शाम उसका शव बर्मा तालाब में उतराता मिला था। मृतका के परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया था। कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों और कस्बावासियों ने सड़क जाम कर विरोध जताया था। उच्चाधिकारियों समेत मुख्यमंत्री से मामले की शिकायत की गई थी। थानाध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है किघटना के एक सप्ताह बाद मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म व हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसपी अपर्णा गुप्ता के निर्देश पर गठित टीमों ने घटना की जांच की थी। जिसमें सीसीटीवी फुटेज में युवती बर्मा तालाब की ओर अकेले जाती दिखाई दे रही थी। कॉल डिटेल में युवती के एक युवक से बात करने की जानकारी भी उजागर हुई थी। युवती से बात करने वाले युवक को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। जिसमें युवक ने युवती से फोन में बातचीत करने की बात स्वीकारी थी। युवक पुलिस हिरासत में हैं।