महोबा। शहर के बिलवई चुंगी के समीप आधा दर्जन दबंगों ने आटो चालक पर जानलेवा हमला करने के मामले में एक नामजद समेत आधा दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल में मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है।
शहर के मोहल्ला कस्बाथाई निवासी नीरज कुशवाहा (26) आटो से गुरुवार की देर शाम सवारियां लेकर घर लौट रहा था। तभी बिलवई चुंगी के समीप आधा दर्जन दबंगों ने लाठी-डंडे व लोहे की रॉड से हमला कर लहूलुहान कर दिया था। साथ ही, मोबाइल फोन व नकदी लूट ले गए थे। गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल लाया गया, फिर उसे मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। घायल के भाई कुुंवर कुशवाहा की तहरीर पर पुलिस ने अजय सिंह पुत्र अभिनंदन सिंह निवासी कस्बाथाई व 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 308 में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना एसआई स्वतंत्र कुमार को सौंपी गई है। कोतवाली प्रभारी विपिन कुमार त्रिवेदी का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है।