फोटो 29 एमएएचपी 17 परिचय-हाईवे पर पुलिया में खड़ी क्षतिग्रस्त कार। संवाद
खन्ना (महोबा)। कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गड्ढों के कारण हादसों का खतरा बढ़ गया है। बृहस्पतिवार की सुबह कस्बा खन्ना के पास ट्रक की ओवरटेकिंग से बचने की कोशिश में एक कार पुलिया पर चढ़ गई। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई जबकि चालक को मामूली चोटें आईं।
कबरई निवासी विनोद कुमार सुबह राजधानी दिल्ली से कार से घर लौट रहे थे। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से उतरकर जैसे ही वह राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचे।
तभी सामने से गिट्टी लदा ट्रक आ गया। आरोप है कि हाईवे पर बने गड्ढों से बचने के चक्कर में ट्रक चालक ने ओवरटेक किया। इससे बचने की कोशिश में विनोद ने कार पुलिया पर चढ़ा दी। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई जबकि वह बाल-बाल बच गए। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।