श्रीनगर (महोबा)। कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भवन निर्माण के काम में लगीं दो महिलाओं को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मारकर कुचल दिया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई जबकि दूसरी महिला का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन व उसके चालक की तलाश में जुट गई है।
हाईवे पर कस्बा श्रीनगर के पास सड़क किनारे भोला अहिरवार के भवन का निर्माण चल रहा है। यहां कुल्लाई पहाड़िया निवासी महिला श्रमिक गौरीबाई (50) और रामकुमारी (35) मजदूरी का काम करती थीं। शुक्रवार की देर शाम दोनों महिलाएं भवन निर्माण के लिए बालू छान रहीं थी। तभी महोबा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने दोनों महिलाओं को टक्कर मारकर कुचल दिया। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घायल महिलाओं को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां गौरीबाई की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। देर रात गौरीबाई की झांसी ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई जबकि रामकुमारी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। मृतका के पति गौरीशंकर ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष गणेश कुमार गुप्ता का कहना है कि दुर्घटना की जांच कराई जा रही है। जल्द ही वाहन को जब्त कर कार्रवाई की जाएगी।