श्रीनगर (महोबा)। महोबा शहर के मोहल्ला फतेहपुर बजरिया के पास 33 केवी हाईटेंशन लाइन की केबल फुंक जाने से श्रीनगर क्षेत्र के 42 गांवों की बिजली आपूर्ति नौ घंटे ठप रही। बिजली के अभाव में बोर्ड परीक्षा के परीक्षार्थी परेशान रहे। साथ ही बिजली के अभाव में पेयजल आपूर्ति भी नहीं हो सकी। रात एक बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई।
रविवार की शाम करीब चार बजे 33 केवी हाईटेंशन लाइन की केबल फुंकने से आपूर्ति ठप हो गई। इससे श्रीनगर क्षेत्र के ननौरा, पिपरामाफ, बसौरा, भंडरा, सिजवाहा, कैमाहा, लुहेड़ी, सिजरिया, डिगरिया, बरा, सलारपुर, सिजहरी, पलका, मिरतला, मझलवारा समेत 42 गांव की बिजली ठप हो गई। बिजली के अभाव में अंधेरा पसर गया। जिससे बोर्ड परीक्षा के परीक्षार्थियों को पढ़ाई करने में दिक्कत हुई। वहीं, उर्मिल पेयजल योजना से शहर और सिजहरी को पेयजल आपूर्ति नहीं हो सकी। सूचना पर बिजली निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद केबल को सही किया गया। तब जाकर नौ घंटे बाद रात करीब एक बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
उधर, अवर अभियंता देवकीनंदन आर्य ने बताया कि बजरिया के पास हाईटेंशन लाइन की केबल ब्लास्ट हो गई थी।