घरों में लगी आग पर काबू पाते ग्रामीण
- फोटो : amar ujala
पनवाड़ी (महोबा)। थाना पनवाड़ी के ग्राम मसूदपुरा में तीन सगे भाइयों के मकानों व दुकानों में लगी आग ने जमकर कहर बरपाया। एक कमरे के अंदर रखा सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। जिससे लोगों में भगदड़ मच गई। ग्रामीणों के एकजुट प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक मकानों व दुकानों में रखी 3.61 लाख की नगदी, सोने चांदी के आभूषण व गृृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर लेखपाल ने अग्निकांड की घटना में हुई क्षति का आकलन किया है।
ग्राम मसूदपुरा निवासी भागीरथ सोनी के तीन पुत्र रामबाबू, मुन्नालाल व मलखान एक ही घर में अलग अलग हिस्से में रहते हैं। तीनों भाइयों की प्रथम तल में दुकानें है जबकि दूसरे खंड में कच्चे मकान हैं जहां वह निवास बनाए हैं। रामबाबू ज्वैलर्स की दुकान किए है जबकि मुन्नालाल व उसका भाई किराना की दुकान किए हैं। बुधवार की सुबह गैस चूल्हे से खाना बनाने के बाद परिजन नीचे आ गए। तभी अचानक घर से धुआं उठने लगा। आग की लपटें और धुएं का गुबार देख परिजन बाहर की ओर दौड़ पड़े। आग ने विकराल रूप धारण करते हुए पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान कमरे में रखा सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। जिससे घर के बाहर खड़ा किशोर अनिल मामूली रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान ग्रामीण एकजुट हो गए और सबमर्सिबल पंप चलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। दो घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी लेकिन तब तक नगदी समेत लाखों का माल जलकर राख हो गया।
पीड़ित रामबाबू ने बताया कि आग की घटना में सोने चांदी के आभूषणों की बिक्री की 3.61 लाख की नगदी, 80 ग्राम सोना व 500 ग्राम चांदी के जेवरात जल गए। जबकि मुन्नालाल की किराना दुकान में रखा सारा सामान जल गया। तीनों भाइयों की गृहस्थी, खाद्यान व अन्य कीमती सामान भी जलकर राख हो गए। आग की घटना में करीब 10 लाख रुपये की क्षति का आंकलन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस व राजस्व लेखपाल जीतेंद्र राजपूत ने आग की घटना में हुई क्षति का आंकलन कर अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी है।