महोबा। थाना खन्ना के ग्राम अकबई में एक मकान में लगी भीषण आग ने जमकर तबाही मचाई। आग की लपटों ने एक के बाद एक छह मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंची दमकल गाड़ियों ने ग्रामीणों के सहयोग से दो घंटे बाद आग पर काबू पाया। घटना में गृहस्थी का सामान, खाद्यान्न समेत लाखों रुपये कीमत की नगदी व जेवरात जलकर राख हो गया। अग्निकांड की घटनाओं से पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे जिंदगी गुजारने को मजबूर है।
गर्मी का मौसम शुरू होते ही अग्निकांड की घटनाओं में तेजी से इजाफा हो रहा है। बुुधवार की दोपहर थाना खन्ना के ग्राम अकबई में इंद्रकुमार के मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवाओं के बीच निकली आग की लपटों ने पड़ोस के पांच मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। धू-धूकर जल रहे मकानों को देखकर ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। घटना की सूचना थाना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। सूचना पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने ग्रामीणों के सहयोग से दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अग्निकांड की घटना में इंद्रकुमार का खाद्यान्न, गृहस्थी समेत एक लाख रुपये कीमत का माल जलकर राख हो गया। इसी तरह शिवकरन का 70 हजार, शिवरतन का 50 हजार, नवल का 30 हजार, हिम्मत का 40 हजार और पुन्नीलाल को करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। घटना में पीड़ितों के नगदी और जेवरात भी जलकर राख हो गए। घटना से पीड़ित परिवार परेशान है। सूचना पर पहुंचे लेखपाल नरेश चंद्र ने अग्निकांड में हुई क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी है।