फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahoba News: महोबा में बनेगा बुंदेलखंड का दूसरा राजकीय पर्यटन प्रबंध संस्थान

Mon, 01 Dec 2025 12:40 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, महोबा
विज्ञापन
विज्ञापन
महोबा। वीर आल्हा-ऊदल की नगरी महोबा में शहर से पांच किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम पंचायत पसवारा में राजकीय पर्यटन प्रबंध संस्थान का निर्माण कराया जाएगा। यह बुंदेलखंड का दूसरा राजकीय पर्यटन प्रबंध संस्थान होगा। राजस्व विभाग की ओर से पर्यटन प्रबंध संस्थान के निर्माण के लिए 2.025 हेक्टेयर भूमि चिह्नित कर विभाग को सौंप दी गई है। जिससे अब संस्थान के निर्माण का रास्ता साफ हाे गया है।
विज्ञापन

चंदेल शासकों की राजधानी रहे महोबा शहर में ऐतिहासिक धरोहरों की कोई कमी नहीं है। यहां के विशाल सरोवर और ऐतिहासिक धरोहरें गौरवशाली अतीत की गवाह हैं। यहां पर्यटन विकास को लेकर लंबे समय से मांग चल रही है। साथ ही कई ऐतिहासिक स्थलों के आसपास पर्यटन विकास के लिए काम भी चल रहा है। शहर के आसपास राजकीय पर्यटन प्रबंध संस्थान के निर्माण के लिए जमीन मुहैया कराने के लिए राजस्व विभाग से मांग की गई थी। अब राजस्व विभाग की ओर से शहर के निकट स्थित ग्राम पंचायत पसवारा में राजकीय पर्यटन प्रबंध संस्थान के निर्माण के लिए 2.025 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की गई। इसके साथ ही यह जमीन पर्यटन विभाग को मुहैया करा दी गई है। ऐसे में अब राजकीय पर्यटन संस्थान के निर्माण का काम जल्द ही शुरू होने की उम्मीद जगी है। हालांकि बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी कैंपस झांसी में पहले से ही राजकीय पर्यटन प्रबंध संस्थान संचालित हैं। यहां के छात्रों को पर्यटन से जुड़े कोर्स की पढ़ाई करने के लिए झांसी जाना पड़ता है। अब महोबा में राजकीय पर्यटन प्रबंध संस्थान का निर्माण होने से छात्रों को जनपद में ही पर्यटन संबंधित कोर्सों की पढ़ाई करने में आसानी होगी।
-
पर्यटन व होटल मैनेजमेंट में एमबीए और बीबीए की होगी पढ़ाई
महोबा। प्रस्तावित राजकीय पर्यटन प्रबंध संस्थान महोबा के पर्यटन विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। यहां पर्यटन प्रबंधन विषय में एमबीए, बीबीए, डिप्लोमा कोर्स व होटल मैनेजमेंट में एमबीए, बीबीए और डिप्लोमा कोर्स की पढ़ाई होगी। छात्र-छात्राओं को पर्यटन विषय में अध्ययन कर अपना कॅरिअर बना सकेंगे। पर्यटन के क्षेत्र में पेशेवर युवाओं को तैयार करने में आसानी होगी। इसके साथ ही पर्यटन से जुड़े विभिन्न लघु अवधि के कोर्स भी संचालित होंगे।
विज्ञापन


राजकीय पर्यटन प्रबंधन संस्थान के लिए जमीन मिल गई है। इसके निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर भेजा जाएगा। निर्माण शुरू होने के दो साल बाद महोबा में राजकीय पर्यटन प्रबंधन संस्थान बनकर तैयार होगा। यह बुंदेलखंड का दूसरा पर्यटन प्रबंधन संस्थान होगा। बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी झांसी में पहले से ही पर्यटन प्रबंधन संस्थान संचालित है। -डॉ. चित्रगुप्त, जिला पर्यटन सूचना अधिकारी, महोबा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें