महोबा। कोतवाली कुलपहाड़ के चुरारी गांव निवासी अनोज कुमारी घर पर थी। तभी जमीनी विवाद में चार लोगों ने उस पर गाली-गलौज करते हुए डंडे से हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गई। जिसे इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने लक्ष्मण राजपूत, रामकिशोर, यशवेंद्र और मिथलेश के खिलाफ मारपीट व धमकी मुकदमा दर्ज किया है। एक अन्य घटना में सतियनपुरा निवासी अरविंद साहू मुख्य बाजार स्थित अपनी दुकान पर था। तभी एक युवक ने सब्जी की ठेलिया उसके दुकान के सामने लगा दी। ठेलिया हटाने की बात कहने पर युवक भड़क गया और परिजनों को बुला लिया। इसके बाद चार लोगों ने अरविंद की बेरहमी से मारपीट कर दी। बाद में आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। पीड़ित ने नसीर, इमरान, साहबान व रिजवान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। (संवाद)
-
तमंचा व कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार
महोबा। थाना खन्ना पुलिस ने तमंचा और कारतूस के साथ युवक को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष यज्ञनारायण भार्गव को सूचना मिली कि कबरई-मौदहा मार्ग पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में टहल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। पकड़े गए युवक ने अपना नाम विवेक सिंह निवासी कहरा बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ऑर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा है। (संवाद)