वाद न्यूज एजेंसी
महोबा। लापरवाह स्कूल वाहन संचालकों पर परिवहन विभाग की निगाह टेढ़ी हो गई है। ठंड और कोहरे को देखते हुए परिवहन विभाग चौकन्ना है। फिटनेस न कराने वाले 52 स्कूली वाहनों का अस्थाई पंजीयन निरस्त किया गया है।
एआरटीओ सुनील दत्त की ओर से की गई इस कार्रवाई से स्कूल वाहन संचालकों में खलबली मची है। साथ ही परिवहन विभाग की ओर से वाहन संचालकों को चेतावनी दी गई है कि ठंड व कोहरे के दौरान बच्चों को स्कूल से लाने और ले जाने में बेहद सावधानी बरती जाए। स्कूल वाहन संचालकों पर इस समय परिवहन विभाग की ओर से अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। जिले में 197 स्कूल वाहन संचालित हैं जो बच्चों को स्कूल ले जाने व स्कूल से घर लेकर आने का काम करते हैं। इन वाहनों पर की फिटनेस चेक की गई।
इसमें 81 ऐसे स्कूली वाहन मिले, जो विभागीय गाइड लाइन के हिसाब से अनफिट थे। जिस पर एआरटीओ ने इन वाहन संचालकों को फिटनेस कराने के निर्देश दिए। इस दौरान 29 वाहन संचालकों ने अपना वाहन की फिटनेस कराई। बावजूद इसके 52 वाहन संचालकों ने चेतावनी के बाद भी वाहनों की फिटनेस नहीं कराई। स्कूल वाहनों की फिटनेस न कराने वाले इन वाहनों का अस्थाई रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिया गया है। साथ ही जिन वाहनों की फिटनेस हुई है उनके संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। सर्दी के दौरान कोहरे के समय वाहन को पूरी सजगता के साथ चलाया जाए। गाइडलाइन का पूरी तरह पालन किया जाए।
वर्जन
जो वाहन कंडम हो गए हैं, उन्हें सड़कों पर नहीं चलने दिया जाएगा। सर्दी व कोहरे को देखते हुए स्कूल वाहन संचालकों को हिदायत दी गई है कि वाहनों को सावधानी के साथ चलाया जाए। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुनील दत्त, एआरटीओ