पर्चा खरीदने जाते जन चेतना पार्टी के प्रत्याशी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विधानसभा चुनाव को लेकर चल रही नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन चरखारी सीट से बसपा प्रत्याशी जीतेंद्र मिश्रा ने कलेक्ट्रेट पहुंच नामांकन किया। इसके अलावा अन्य प्रत्याशियों ने पर्चे खरीदे। प्रत्याशी के साथ चार समर्थक ही कक्ष में प्रवेश कर सके।
चौथे चरण में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए 30 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन प्रत्याशियों ने पर्चे खरीदे थे। मंगलवार को नामांकन के दूसरे दिन चरखारी विधानसभा से बसपा प्रत्याशी जीतेंद्र मिश्रा समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके अलावा चरखारी और महोबा सीट से जन चेतना पार्टी, जन अधिकार मंच और निर्दलीय प्रत्याशियों ने पर्चे खरीदे।
नामांकन को लेकर कलेक्ट्रेट में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। प्रत्याशी के साथ चार समर्थक ही नामांकन कक्ष में दाखिल हो सके। कलेक्ट्रेट मार्ग में दोनों और बैरियर लगाए जाने से आवागमन ठप रहा। बुधवार को प्रमुख राजनैतिक दलों के प्रत्याशी अपने नामांकन दाखिल करेंगे।
चरखारी विधानसभा के लिए कलेक्ट्रेट में बनाए गए नामांकन कक्ष में बसपा प्रत्याशी दोपहर 12 बजे नामांकन पत्र जमा करने पहुंचे। बेहद धीमी प्रक्रिया के तहत नामांकन जमा किया गया। दो घंटे तक अधिकारी नामांकन पत्र की जांच में उलझे रहे। इसमें पर्चे खरीदने पहुंचे प्रत्याशियों को लंबा इंतजार करना पड़ा।
बसपा प्रत्याशी का ब्योरा
संपत्ति- करीब 42.96 लाख रुपये
शिक्षा- एमए पास
आपराधिक मुकदमा- कोई नहीं
शस्त्र लाइसेंस- तीन शस्त्र
वाहन-एक स्कार्पियो, एक स्कूटी