अजनर (महोबा)। थाना अजनर के सेलापुरवा गांव स्थित रामजानकी मंदिर से चोरी गईं भगवान राम, लक्ष्मण और सीता की मूर्तियों के धनुष पुलिस ने बरामद कर लिए हैं लेकिन मूर्तियों का सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है जबकि तीन आरोपियों और मूर्तियों की तलाश अभी भी जारी है।
रामजानकी मंदिर के पुजारी रमेश ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 28 फरवरी मंदिर से भगवान राम, लक्ष्मण और जानकी की मूर्तियां गायब थीं। सीओ कुलपहाड़ रविकांत गोंड ने बताया कि थानाध्यक्ष अजनर सुभाषचंद्र ने थाना स्तर पर टीमों का गठन किया था। पुलिस टीम ने ग्राम पुरवा पनवाड़ी में बने पार्क के पास से दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़कर पूछताछ की। पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम हल्लू अहिरवार और भगवानदास रैकवार निवासी ग्राम पुरवा पनवाड़ी बताए। इन आरोपियों के पास से दो मूर्तियों के धनुष बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि इस वारदात में बमरारा निवासी सचिन राजपूत, जितेंद्र राजपूत व श्याम सुंदर भी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन आरोपियों के पकड़े जाने के बाद ही चोरी गईं मूर्तियों के बारे में जानकारी मिल सकेगी।