शहर के सेंट्रल बैंक शाखा में पैसा जमा करने आए एक ग्रामीण से बाउचर भरने के बहाने बैंक के बाहर ले जाकर 30 हजार रुपये लूट लिए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आरोपी को ढूंढने की कोशिश की लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित ने घटना की तहरीर कोतवाली में दे दी है।
ग्राम दड़हतमाफ निवासी रामआसरे पुत्र मुनीम शुक्रवार को 30 हजार रुपये बैग में लेकर अपने खाते में जमा करने बैंक गए थे। अनपढ़ होने के चलते रामआसरे ने एक युवक से पैसा जमा करने के लिए बाउचर भरने को कहा। युवक बैंक में भीड़ होने की बात कहते हुए बाउचर भरने के लिए ग्रामीण को बाहर ले गया।
जैसे ही ग्रामीण बाहर निकलकर बैंक से 20 कदम दूर पहुंचा, तो आरोपी रामआसरे के हाथ से बैग छीनकर भाग निकला। ग्रामीण के शोर मचाने पर बैंक के बाहर भीड़ एकत्र हो गई। एसएसआई केपी सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बैंक का सीसी टीवी फुटेज भी देखा। जिसके आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। पीड़ित रामआसरे ने कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।